IPL 2026: रोवमैन पॉवेल का सुपरमैन कैच! मिचेल मार्श भी देखकर रह गए हैरान; देखें VIDEO

 


Rovman Powell Catch: कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में रोवमैन पॉवेल ने मिचेल मार्श का ऐसा कैच पकड़ा, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। इस दौरान उन्हें चोट भी लगी, लेकिन उनका यह प्रयास टीम के लिए बेहद अहम साबित हुआ।

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में रविवार (26 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2026 के 38वें मुकाबले में रोवमैन पॉवेल ने अपने शानदार कैच से सबका ध्यान खींच लिया। भले ही वह बल्ले से इस मैच में अपना योगदान नहीं दे पाए, लेकिन फील्डिंग में उन्होंने कमाल जरुर किया।

इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने 155 रन बनाए थे। इस छोटे लक्ष्य का बचाव करते हुए KKR को अच्छी गेंदबाजी के साथ अच्छी फील्डिंग की जरूरत भी थी और पॉवेल ने यही काम किया। LSG की पारी के दूसरे ओवर में मिचेल मार्श ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले पर ठिक से नहीं आई और मिड ऑन की तरफ हवा में चली गई।

पॉवेल पहले गलत दिशा में दौड़े, लेकिन फिर तुरंत खुद को संभाला और नजरें गेंद पर टिकाए रखते हुए दूसरी ओर डाइव लगाई। उन्होंने शानदार अंदाज में बाएं तरफ झपट्टा मारते हुए कैच लपक लिया। इस दौरान वह जोर से जमीन पर गिरे और उनके हिप और कोहनी में चोट भी लगी।

VIDEO:

मार्श सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए और LSG को 8 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। हालांकि, गनीमत यह रही कि ये चोट गंभीर नहीं थी और पॉवेल फिजियो से ट्रीटमेंट लेने के बाद फिर मैदान पर लौट आए।

मैच की बात करें तो इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने रिंकू सिंह (83*) की बेबाक पारी के चलते 155 रन बनाए, जिसके जवाब में LSG भी बराबरी पर पहुंच गई और मैच टाई हो गया। सुपर ओवर में सुनील नारायण ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए पहली ही गेंद पर निकोलस पूरन (0) और फिर तीसरी गेंद पर एडेन मार्कराम (0) को भी आउट कर दिया, जिसके चलते LSG 1 ही रन बना पाई थी। नतीजन KKR ने यह मुकाबला सुपर ओवर में आसानी से जीत लिया।

0/Post a Comment/Comments